अगवा करने के आरोप में ऑटो चालक गिरफ्तार

दादरी : करीब पांच दिन पहले दादरी की एक कॉलोनी से एक किशोरी को अगवा करने के आरोप में नई आबादी के रहने वाले ऑटो चालक के खिलाफ दादरी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से किशोरी को बरामद कर लिया। आरोपित किशोरी से शादी करने की फिराक में था। पुलिस ने बताया कि दादरी का नई आबादी मोहल्ले का रहने वाला करण उर्फ खालिद शहर में ऑटो चलाता है।


23 फरवरी को आरोपित दादरी नगर की एक कॉलोनी में रहने वाली कक्षा नौ की छात्रा को अगवा कर ले गया था। किशोरी के स्वजन ने आरोपित ऑटो चालक के खिलाफ बेटी को अगवा करने का आरोप लगाते हुए दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह 11 बजे आरोपित को रेलवे रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से किशोरी को भी बरामद कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।